दिल्ली–दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की एक अहम बैठक हुई है। इसी बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक प्रेस कांफ्रेंस की।मिली जानकारी के अनुसार प्रेस कांफ्रेंस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी के बाद अब पानी चोरी हो रहा है। हरियाणा को उसके हिस्से का भाखड़ा का पानी नहीं मिल रहा है।हुड्डा ने कहा कि दो दो हफ्ते चलने वाली नहर एक हफ्ता भी नहीं चल रही। BBMB में पहले सिंचाई अफसर हरियाणा से होता था जो अब नहीं है। इस बार विधानसभा सत्र में तमाम मुद्दे उठाए जाएंगे। हुड्डा ने कहा कि इस बार सरकार की जनविरोधी पॉलिसी का हर गांव तक विरोध करेंगे, लोगों के बीच जाएंगे। कांग्रेस हर घर प्रमुख बनाएगी। भाजपा के ‘पन्ना प्रमुख’ के जवाब में कांग्रेस ‘हर घर प्रमुख’ बनाएगी। हर घर प्रमुख की नियुक्ति होगी जो कांग्रेस की बात हर घर हर व्यक्ति तक पहुंचाएगा।बता दें कि इस अहम बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र, आदित्य सुरजेवाला, गीता भुक्कल, रघुबीर कादयान, चन्द्र प्रकाश, शकुंतला खटक, बलराम दांगी, इंदुराज नरवाल सहित अन्य विधायक पहुंचे हुए थे।



















