प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आये हुये फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता जितेन्द्र कुमार यादव निवासी पूरेबिच्छूर ने बताया कि शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत पूरे बिच्छूर में पंचायत भवन निर्माण में हुई अनियमितता की जांच हेतु कुल 10 बिन्दुओं पर मय शपथ पत्र जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग किया था परन्तु जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक) को निर्देशित कर जांच प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया जबकि न ही जांच की गयी और न ही कोई आख्या आयी। इस प्रकार सभी को गुमराह कर मामले को फर्जी ढंग से निस्तारित कर दिया, ऐसी स्थिति में उसमें शामिल सभी लोगों के विरूद्ध कार्यवाही किया जाना परम आवश्यक है, इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया है कि जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करें एवं आख्या उपलब्ध करायें। शिकायतकर्ता अरसिया बानो निवासी बड़नपुर ने शिकायत किया कि प्रार्थिनी के पति ने आबादी भूमि 600 का बैनामा भूमि स्वामिनी से लेकर काबिज दखील है, प्रार्थिनी क्रय की गयी भूमि पर भवन निर्माण हेतु नक्शा स्वीकृत कराना चाहती है, खतौनी हेतु लेखपाल प्रदीप दूबे से बराबर मिलकर प्रतिलिपि चाहती है, लेखपाल आदेश के बाद भी खतौनी नहीं दिये, इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया है कि पूर्व के आदेशों का अनुपालन करायें एवं सम्बन्धित से स्पष्टीकरण लें कि अनुपालन क्यों नहीं हुआ। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त राजस्व शिकायतों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर, शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें जिससे शिकायतकर्ता को इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करें, कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहें इसका विशेष ध्यान दें।























