महिला आयोग की सदस्य ने महिला बन्दियों से जिला कारागार में मिलने वाली सुविधाओं की ली जानकारी
प्रतापगढ़। राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों की समस्याओं को सुना एवं जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने महिला बैरक का निरीक्षण कर बन्दियों से जानकारी ली कि सभी व्यवस्थायें जिला कारागार में मिल रही है कि नही तो महिला बन्दियों द्वारा बताया गया कि सभी व्यवस्थायें बराबर मिल रही है। महिला आयोग की सदस्य ने महिला बन्दियों के बच्चों को बेबी किट एवं खाने की सामग्री भेंट की। उन्होने महिला बैरक में सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया जहां पर थैले की सिलाई की जा रही थी, महिला बन्दियों द्वारा बनाये गये बच्चों के ड्रेस को देखा और निर्देशित किया कि बच्चे के ड्रेस उच्च गुणवत्तायुक्त बनाये जाये जिससे बाजारों में उसकी अलग पहचान रहे।
जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा निर्मित आंवला उत्पाद, आंवला जूस, आंवला अचार, आंवला मुरब्बा इत्यादि का अवलोकन किया गया। उक्त आंवला प्रसंस्करण केंद्र उत्तर प्रदेश शासन की ओ डी ओ पी योजना की तर्ज पर कारागार विभाग की वन जेल वन प्रोडक्ट योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसमे कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को नियोजित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को स्वावलंबी बनाना तथा उनमें उद्यमिता का विकास करना ताकि कारागार से छूटने के बाद भी वे जीवकोपार्जन करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपराध की दुनिया से विमुख हो सकें। उन्होने जिला कारागार में बने अस्पताल का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य, दवाओं आदि की जानकारी ली। उन्होने पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता को देखा तथा पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी, जेलर अजय कुमार सिंह, डिप्टी जेलर आफताब अंसारी सहित ऋचा ओझा, अभय कुमार आदि उपस्थित रहे।
महिला आयोग की सदस्य ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवगढ़ का निरीक्षण किया एवं वहां पर छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और पठन-पाठन को बेहतर करने के निर्देश। कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिये।























